रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख, सीतापुर। नगर के मोहल्ला चंद्रपुर (वार्ड संख्या 21) स्थित एक निजी विद्यालय “एमएसजीएम स्कूल” पर शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी करने के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय को केवल कक्षा 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन इसके बावजूद यहां इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन मनमाने ढंग से फीस वसूल रहा है और छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव डाला जा रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय द्वारा निर्धारित कुछ खास दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया जाता है, जिससे कमीशन का खेल होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की अनियमितताओं से छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जिला प्रशासन से भी हस्तक्षेप की मांग उठ रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर क्या कदम उठाता है।
