महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण एवं गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को सुदृढ़ बनाना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी एवं निजी अस्पतालों, विद्यालयों, सड़कों के किनारे, गौ-सदनों की खाली भूमि तथा नर्सरियों में गड्ढों की खुदाई सहित वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि उपयोगी और आय सृजन में सहायक पौधों का चयन किया जाए।उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे कम से कम 500-500 मीटर तक एक ही प्रजाति के पौधे—जैसे आम, कटहल, पीपल और जामुन लगाए जाएं, जिससे क्षेत्र की पहचान विकसित हो सके। प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देशित किया गया कि जंगली पौधों के स्थान पर अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाए जाएं।
जिलाधिकारी ने पर्यटन स्थल दर्जनिया ताल मार्ग के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक को वर्ष 2026 के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉपर छात्रों से पौधरोपण कराने और उनके नाम की पट्टिका लगाने को कहा, ताकि विद्यार्थियों में प्रेरणा बढ़े।
बैठक में बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपशिष्ट परिवहन वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जांच समिति की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी भी व्यक्त की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
