मथुरा। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना जैत क्षेत्र में एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा वैली के सामने हरियाणा की ओर से आ रहे नागालैंड नंबर के एक बंद बॉडी ट्रक को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में लकड़ी के बड़े बॉक्स में छुपाकर ले जाई जा रही कुल 283 पेटी शराब बरामद हुई। इसमें 51 पेटी बोतल, 174 पेटी हाफ और 58 पेटी क्वार्टर शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा लगभग 2526.12 बल्क लीटर बताई जा रही है।
बरामद शराब हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य थी, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। इस मामले में थाना जैत में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
