रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर (रामपुर मथुरा)। गौशाला की अव्यवस्थाओं का वीडियो बनाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि की दबंगई के चलते संबंधित व्यक्ति से थाना परिसर में कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई गई और माफी मंगवाई गई। इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया गया है।
मामला रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां गौशाला की स्थिति को लेकर कुछ लोग वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना को लेकर मीडिया कर्मियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि शासन द्वारा मीडिया को स्वतंत्र रूप से कार्य करने का अधिकार दिया गया है, लेकिन कुछ प्रभावशाली लोग इसका उल्लंघन कर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
वहीं, इस संबंध में जब थाना प्रभारी श्यामू कनोजिया से जानकारी ली गई तो उन्होंने मामले की जानकारी से इनकार किया।
पीड़ित पक्ष ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो उच्च स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
