मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत अनटाइड ग्रांट एवं टाइड ग्रांट/अवस्थापना विकास निधि से कराए जाने वाले विकास कार्यों की स्वीकृति हेतु गठित समिति की गुरुवार को बैठक संपन्न हुई।
बैठक में विभिन्न नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यों के चयन में स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्वीकृत कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए। बैठक में पेयजल, सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, गौशाला निर्माण, कूड़ा प्रबंधन, अंत्येष्टि स्थल सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने पूर्व में स्वीकृत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जहां धन की कमी हो, वहां तत्काल मांग पत्र भेजने को कहा। साथ ही, सभी अधिशासी अधिकारियों को पशु-पक्षियों एवं आमजन के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यकतानुसार टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छता को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सफाई अभियान चलाने, दीवारों पर स्वच्छ भारत मिशन की पेंटिंग कराने, नालों-नालियों की सफाई एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कूड़ा प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
गौशालाओं के लिए अधिकाधिक भूसा दान कराने, अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने तथा शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन पात्र परिवारों के राशन कार्ड नहीं बने हैं, उनकी फैमली आईडी बनाई जाए और उन्हें आयुष्मान योजना से जोड़ा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी सदर आदेश कुमार सहित समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
