•गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, बिना डिग्री कर रहा था इलाज।
महराजगंज। जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक झोलाछाप फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गलत इंजेक्शन लगाने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटहरा खास टोला उसरहवा की है। किशोरी के पैर में फोड़ा-फुंसी होने पर परिजन उसे गांव के ही एक कथित डॉक्टर के पास इलाज के लिए ले गए थे। आरोप है कि बिना किसी मान्य चिकित्सकीय योग्यता के आरोपी ने किशोरी को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।
परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेन्द्र (40 वर्ष), पुत्र रामबेलास, निवासी ग्राम कटहरा टोला उसरहवा को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी मात्र छठवीं पास है और अवैध रूप से चिकित्सकीय कार्य कर रहा था।
इस संबंध में मु0अ0सं0 216/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, उपनिरीक्षक नागेन्द्र मणि, उपनिरीक्षक आयुष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
