•राम जानकी मार्ग पर रोज घंटों जाम, एम्बुलेंस तक फंसी; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल।
कुदरहा (बस्ती)। कुदरहा कस्बे में राम जानकी मार्ग पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के चलते प्रतिदिन घंटों जाम लग रहा है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
कस्बावासियों महेश पाल, गंगाराम दुबे, हरिश्चंद्र चौधरी, शैलेश शुक्ल, जय प्रकाश यादव, जीतबहादुर यादव, अमित पाल, सतीश मोदनवाल और सुग्रीव पटवा सहित कई लोगों ने बताया कि कुदरहा बाजार की सबसे बड़ी समस्या जाम है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, डग्गामार वाहन चालकों ने चौराहे पर अवैध रूप से कब्जा कर टैक्सी स्टैंड बना लिया है। यदि इस स्टैंड को बाजार से बाहर कर दिया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। साथ ही व्यापारियों और वाहन चालकों को भी सड़क किनारे व्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने की जरूरत है।
विशेष रूप से साप्ताहिक बाजार के दिन स्थिति और गंभीर हो जाती है। लालगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन जब संकरे मोड़ पर पहुंचते हैं तो जाम की स्थिति और विकराल हो जाती है। कई बार एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे आपात सेवाएं प्रभावित होती हैं।
हाल ही में जाम की लंबी कतार पुलिस चौकी तक पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। चौकी प्रभारी उमेश सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज उमेश सिंह ने बताया कि शादी-विवाह और बाजार के कारण जाम की स्थिति बनी थी, जिसे खाली करा दिया गया है। चौराहे पर खड़े वाहनों को बाजार से बाहर खड़ा करने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि महादेवा की ओर से आने वाले बड़े वाहनों के कारण सबसे अधिक समस्या उत्पन्न होती है।
