•जल निकासी की व्यवस्था ठप, नगर पालिका की कार्यशैली पर उठे सवाल।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख(सीतापुर)। सीतापुर के मिश्रिख क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जाने वाली सड़क जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गई है। इससे मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण सड़क पर लगातार पानी भरा हुआ है। हालात ऐसे हैं कि मरीजों को अस्पताल तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
लोगों का कहना है कि नगर पालिका को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। कर्मचारी जानकर भी अनदेखी कर रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, उपजिलाधिकारी मिश्रिख से भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान देने की अपील की गई है।
