के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थाना बखिरा पर नव नियुक्त आरक्षी/महिला आरक्षियों हेतु एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक एवं मार्गदर्शन बैठक आयोजित की गयी। उक्त बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अमित कुमार द्वारा नवागत आरक्षी/महिला आरक्षियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कर्तव्यों एवं जनसेवा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान नव नियुक्त आरक्षी/महिला आरक्षियों को थाना परिसर की संरचना, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण प्रणाली, ड्यूटी संचालन व्यवस्था, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया तथा विभागीय अनुशासन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि पुलिसकर्मी का प्रथम दायित्व आमजन की सुरक्षा, सेवा एवं सहायता करना है ।
क्षेत्राधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक आरक्षी जनता से विनम्र व्यवहार करे, फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुने तथा शिकायतों का निष्पक्ष, त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास स्थापित करना आधुनिक पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता है। नवागत आरक्षियों को ड्यूटी के दौरान समयपालन, अनुशासन, वर्दी की गरिमा बनाए रखने, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन करने तथा टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना बखिरा परिवार द्वारा सभी नव नियुक्त आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की गयी कि वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से कार्य करते हुए विभाग एवं जनपद का नाम रोशन करेंगे।
