महराजगंज। जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों के चलते आनंदनगर–फरेंदा रैक प्वाइंट पर इफको यूरिया की एक पूरी रैक पहुंच गई है। इससे अब किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध हो सकेगा और ओवररेटिंग जैसी समस्याओं पर भी रोक लगेगी।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, एक रैक में कुल 2650 मीट्रिक टन यूरिया शामिल है, जिसे सहकारिता क्षेत्र के बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों में वितरित किया जाएगा।
काफी समय से जनप्रतिनिधियों और किसानों द्वारा आनंदनगर रैक प्वाइंट पर उर्वरक की रैक मंगाने की मांग की जा रही थी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए। इसी क्रम में 21 मार्च को प्रमुख सचिव (कृषि) को पत्र लिखकर जनपद की स्थिति से अवगत कराया गया था, जिसके परिणामस्वरूप अब यह रैक प्राप्त हुई है। इससे पहले दिसंबर माह में एचयूआरएल कंपनी की दो रैक यूरिया भी जनपद को मिल चुकी थीं, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त रैक की आवश्यकता बनी हुई थी।
प्रशासन का कहना है कि इस रैक के आने से किसानों को समय पर उर्वरक मिलेगा परिवहन लागत में कमी आएगी उर्वरक की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर अंकुश लगेगा।
जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी दी कि इफको डीएपी की एक और रैक अगले दो दिनों में आनंदनगर रैक प्वाइंट पर पहुंचने की संभावना है। साथ ही, एनएफएल और कोरोमंडल कंपनियों द्वारा भी अब यहां रैक भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, क्योंकि इस रैक प्वाइंट का कोड सक्रिय हो चुका है। वर्तमान स्थिति में जनपद में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है। अब तक 21842 मीट्रिक टन यूरिया और 9824 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध हो चुका है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत और जोतबही के अनुसार ही उर्वरक खरीदें तथा अनावश्यक भंडारण से बचें, क्योंकि उर्वरकों की आपूर्ति लगातार जारी है।
