•शिक्षकों की समस्याओं, पुरानी बहाली और टीईटी मुद्दे पर निर्णायक आंदोलन का आह्वान, एकजुटता पर जोर।
बस्ती। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) का जनपदीय अधिवेशन रविवार को रोडवेज के निकट स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजयमणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश के जूनियर हाई स्कूल विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने पुरानी बहाली, टीईटी सहित विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर निर्णायक आंदोलन की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षकों से एकजुट रहने का आह्वान किया।
अधिवेशन के दूसरे चरण में चुनाव अधिकारी राधेश्याम वर्मा और पंकज कुमार चौधरी की देखरेख में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अजय कुमार पाल को अध्यक्ष, मोहम्मद इजहारूल हक अंसारी को महामंत्री, प्रदीप कुमार जायसवाल को कोषाध्यक्ष, उमेश मौर्य को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया।
इसके अलावा मनीष कुमार मिश्र, गिरजेश कुमार, दिनेश कुमार और सत्या पाण्डेय को उपाध्यक्ष, सन्तोष कुमार श्रीवास्तव, फैजान अहमद, सरवरजमाल व डॉ. राजेश सक्सेना को संयुक्त मंत्री बनाया गया। सुशील कुमार पटेल को लेखाकार और मोहम्मद आलम को ऑडिटर नियुक्त किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष संजयमणि त्रिपाठी ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अधिवेशन को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेजपाल मौर्य समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया और शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
