लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में जंगली जानवरों और छुट्टा पशुओं के हमलों को लेकर भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों और सांड़ों के हमलों में लगातार लोग घायल हो रहे और मर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारियां निभाने में विफल रही है। 2024 में प्रदेश में जंगली जानवरों के हमलों में 60 लोगों की मौत हुई और 220 लोग घायल हुए, जिनमें अधिकतर गरीब और पीडीए समाज के लोग शामिल हैं। मृतकों और घायलों को सरकार की ओर से कोई सहायता नहीं मिली।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में जंगलों की कटाई और तालाबों पर अवैध कब्जा लगातार बढ़ा है, जिससे जंगली जानवरों के पास भोजन की कमी हुई और वे गांव और शहरों में लोगों पर हमला कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों और गरीबों की स्थिति गंभीर है, क्योंकि उनकी फसलें और पालतू जानवर जानवरों के हमलों का शिकार हो रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में भी छुट्टा पशुओं और सांड़ों के हमले बढ़ गए हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर वन संपदा और पर्यावरण के संरक्षण में गहरी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नौ साल में पेड़ लगाने और गंगा की सफाई के लिए जो बजट आया, वह कहीं दिखाई नहीं दिया। वन क्षेत्र और हिमालय की प्राकृतिक संपदा के साथ छेड़छाड़ हो रही है, जिससे पर्यावरणीय संकट बढ़ रहा है।
अखिलेश यादव ने गौशालाओं में भ्रष्टाचार की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गोवंश सुरक्षित नहीं है, गायों से दूध और गोबर निकाला जा रहा है, और कभी-कभी उन्हें खोद कर वहीं दफनाया जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर नियुक्तियों और नौकरियों में भेदभाव और घोटाले का आरोप लगाया, जिसमें पीडीए समुदाय के साथ असमानता की गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है, बेटियां और महिलाएं असुरक्षित हैं, पुलिस हिरासत में मौतें अधिक हो रही हैं, और स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बदहाल हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के विकास और उद्योग नीति की भी आलोचना की, कहा कि उद्योग लगाने के नाम पर पेड़ काटे जा रहे हैं, लेकिन यह विनाशकारी विकास है।
श्री यादव ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पर नजर रखने और तैयारी के साथ एसआईआर प्रक्रिया और बीएलए बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 में सत्ता में आएगी और भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और झूठे वादों को जनता के सामने उजागर करेगी।
इस अवसर पर मशहूर एंकर श्री नावेद सिद्दीकी ने ‘‘कहता है पीडीए अखिलेश आएंगे’’ गीत की प्रस्तुति दी, जिसे उन्होंने स्वयं लिखा और मुम्बई के गैलेक्सी स्टूडियो में फरदीन सिद्दीकी ने संगीतबद्ध किया।
