लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग अयोध्या में 18 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2025 को भव्य और आकर्षक बनाने में जुटा है। इस बार का दीपोत्सव आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक प्रदर्शन का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव-2025 में प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और शो आयोजित किए जाएंगे। मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो के जरिए भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की झलक को आधुनिक तकनीक से साकार किया जाएगा। सरयू घाटों पर 26 लाख से अधिक दीप जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन पिछले दीपोत्सवों से कहीं अधिक भव्य होगा। राम की पैड़ी पर 100 से अधिक कलाकार लाइव प्रदर्शन करेंगे। लगभग 45 मिनट के कार्यक्रम में प्रोजेक्शन, लेजर, लाइव परफॉर्मेंस और आतिशबाजी के माध्यम से रामायण कथा को भव्य रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
इस बार दीपोत्सव में कोई विजुअल, म्यूजिक या स्टोरीबोर्ड का दोहराव नहीं होगा। राम की पैड़ी के जल पर लगभग 200 मीटर लंबी चलती-फिरती झांकियों (ग्रैंड टेबल्यू) का निर्माण किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अनोखा अनुभव होगा। प्रोजेक्शन विजुअल्स, मंच और कोरियोग्राफी, लाइव परफॉर्मेंस, लेजर इफेक्ट्स, बैकग्राउंड स्कोर और वॉइस ओवर का तालमेल कार्यक्रम को रोमांचक बनाएगा। सभी कलाकारों की वेशभूषा दीपोत्सव की सांस्कृतिक और थीम आधारित भावना के अनुरूप होगी।
जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2025 में परंपरा, तकनीक और संस्कृति का संगम दिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य अयोध्या को वैश्विक आकर्षण का केंद्र बनाना है और देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर देना है। इस आयोजन से रामनगरी का सौंदर्य और सांस्कृतिक वैभव नई ऊँचाइयों को छुएगा।
