— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश में प्रारंभ किए जा रहे ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला बुधवार को पार्टी कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रशिक्षण महाभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।




कार्यशाला के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मीडिया संपर्क एवं प्रशिक्षण अभियान के क्षेत्रीय संयोजक सिद्धार्थ नाथ पाण्डेय ने उपस्थित पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान के सह संयोजक कौशलेंद्र सिंह ने किया। पार्टी ने निर्णय लिया कि प्रशिक्षण वर्ग बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे।
प्रशिक्षण से संगठन सशक्त होगा: सिद्धार्थ नाथ पाण्डेय
सिद्धार्थ नाथ पाण्डेय ने कहा कि प्रशिक्षण व्यक्ति और संगठन को तराशने की प्रक्रिया है। “जो सीखता है, वही बढ़ता है” के संदेश के साथ उन्होंने बताया कि व्यक्ति निर्माण से ही संगठन मजबूत होता है। उन्होंने ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ को संगठन सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व—तीनों स्तरों पर समृद्ध करेगा।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद का दर्शन ही पार्टी की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है। प्रशिक्षण केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है, जिससे संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता आएगी और सेवा, समर्पण व राष्ट्रहित की भावना मजबूत होगी।
प्रशिक्षण अभियान के तहत मंडल स्तर पर 24 घंटे का प्रशिक्षण वर्ग तथा बूथ स्तर पर दो सत्रों में प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। श्री पाण्डेय ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की।
वैचारिक सशक्तिकरण का माध्यम: नीतू सिंह
जिलाध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह ने कहा कि यह महाभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भावना से ओत-प्रोत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यशाला में जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया व आईटी के जिला संयोजक, मंडल अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण महाभियान की जिला टोली सहित पूर्व जिलाध्यक्ष शेतभान राय, रामललित चौधरी, बद्री प्रसाद यादव, संयोजक गणेश पांडेय, विनोद पांडेय, सह संयोजक हैप्पी राय, सुनीता अग्रहरी, ज्ञानेंद्र मिश्र, सत्यपाल, अमर राय, अत्रिमुनी राय, अमित श्रीवास्तव, किरण, अनिल पांडेय, विजयबहादुर सिंह, राजकुमार चौरसिया, उषा, संगीता, ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव, भूपेंद्र सिंह, अरविंद जायसवाल, नित्यानंद नंद, बसंत, बबलू सिंह, अतरेश, गौरव, सचिन, धनंजय, मीडिया प्रभारी ब्रह्मानंद पांडेय सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
