•अधिकारी के पहुंचते ही स्टाफ हरकत में, व्यवस्था सुधारने में जुटे कर्मचारी।
लम्भुआ, सुल्तानपुर। तहसील दिवस से पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) भारत भूषण ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लम्भुआ का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्टाफ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को दुरुस्त करने में जुट गया।
निरीक्षण के दौरान कोई बेडशीट ठीक करता नजर आया, तो कोई कुर्सियों की सफाई करता दिखा। कई कर्मचारी इधर-उधर भागते नजर आए, जिससे साफ प्रतीत हुआ कि व्यवस्थाएं पहले से पूरी तरह दुरुस्त नहीं थीं।
मरीजों और स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि क्या अस्पताल की बेहतर व्यवस्था सिर्फ अधिकारियों के दौरे तक ही सीमित रहती है? आम दिनों में भी ऐसी ही साफ-सफाई और व्यवस्थाएं बनी रहें, यह बड़ी चुनौती बनी हुई है।
CMO ने निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई और स्टाफ की उपस्थिति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अब देखना यह होगा कि इस औचक निरीक्षण के बाद व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार होता है या फिर सब कुछ पहले जैसा ही चलता रहेगा।
