बस्ती। जनपद के रुधौली थाना क्षेत्र के कथकपुरवा निवासी अबुसमा पुत्र मो. अमीन ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दबंगों पर जबरन होटल में खाना खाने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और बाद में दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने दोषियों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई तथा अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
फोन पर गाली-गलौज, फिर होटल पर पहुंचकर विवाद
एसपी को दिए गए पत्र में अबुसमा ने बताया कि वह कथकपुरवा चौराहे पर पिछले चार वर्षों से “के.जी.एम.” नाम से होटल संचालित कर रहे हैं। उनका आरोप है कि 15 फरवरी की शाम मोबाइल नंबर 6393031096 से खाने के लिए फोन आया, लेकिन कॉल पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
रात लगभग 8:30 बजे रक्साकलॉ के परबेज, मुसीर, मझौआ के शुभम और दानोकुईया के रिजवान अहमद सहित चार लोग होटल पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने खाना खाने के बाद पैसे को लेकर विवाद किया और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, इनमें से एक व्यक्ति ने कट्टा निकालकर जान से मारने और होटल में आग लगाने की धमकी दी।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, पूछताछ की गई और पीड़ित ने थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
देर रात दुकान में आगजनी
अबुसमा का आरोप है कि 17 फरवरी की रात लगभग 3:30 बजे उनकी दुकान में आग लगा दी गई। इसकी सूचना भी 112 नंबर पर दी गई। उनका कहना है कि उन्होंने तहरीर में नामजद आरोपियों का उल्लेख किया था, लेकिन पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
एसपी से सुरक्षा व सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित होटल संचालक ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा उनके और उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
