लखनऊ। थाना विकासनगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने तथा अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 को वादिनी द्वारा थाना विकासनगर में लिखित सूचना दी गई थी कि विपक्षी अनुग्रह नरायण पुत्र आदित्य नरायण झा ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए तथा उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस शिकायत के आधार पर थाना विकासनगर में मुकदमा संख्या 53/2026 धारा 69, 351(3), 352 तथा 316(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में 28 अप्रैल 2026 को विकासनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अनुग्रह नरायण को 17/30 इंदिरानगर थाना गाजीपुर क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में अश्लील फोटो तथा वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाने का प्रयास किया। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए रिमांड की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त अनुग्रह नरायण पुत्र आदित्य नरायण झा, निवासी 17/30 इंदिरानगर थाना गाजीपुर, लखनऊ के विरुद्ध पंजीकृत मुकदमे में अन्य आवश्यक साक्ष्य संकलन और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस गिरफ्तारी अभियान को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह, आरक्षी राघवेन्द्र सिंह तथा महिला आरक्षी रीना सरोज शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
