— अरविंद गोयल, हरिद्वार
हरिद्वार (उत्तराखंड)। विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी हरिद्वार के प्रमुख एवं पुराने मोती बाजार व्यापार मंडल का द्विवार्षिक चुनाव इस बार निर्विरोध और सर्वसम्मति से सम्पन्न हुआ। चुनाव अधिकारियों और संरक्षक व्यापार मंडल की मौजूदगी में सभी पदाधिकारियों का चयन आपसी सहमति से किया गया।
इस दौरान आशुतोष वर्मा को लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वहीं राजेश कुमार खुराना को तीसरी बार महामंत्री तथा अनिल कुमार जैन को जिला मंत्री के पद पर नियुक्त किया गया।
जिला व्यापार मंडल के महामंत्री संजीव नैयर ने कहा कि जिस प्रकार मोती बाजार व्यापार मंडल में बिना चुनाव के आपसी सहमति से पदाधिकारियों का चयन हुआ है, उसी तरह शहर के अन्य व्यापार मंडलों में भी सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन होना चाहिए। इससे अनावश्यक चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और व्यापारियों के बीच एकता बनी रहेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशुतोष वर्मा ने कहा कि वे व्यापारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर चुनाव अधिकारी सरदार अजीत सिंह, महेश दास अग्रवाल, जिला व्यापार मंडल के महामंत्री संजीव नैयर, प्रदीप कालरा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
