
•सदर, कलवारी, हर्रैया व रुधौली सर्किल में बनेंगे एक-एक बूथ
•जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे पिंक बूथ की निगरानी
बस्ती। जिले में महिला सुरक्षा को बेहतर बनाने व महिला संबंधी अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र दिनेश कुमार पी. के निर्देश पर चार पिंक पुलिस बूथ बनाए जाएंगे। जिले में सर्किलवार इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। पिंक बूथ के लिए स्थानों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है। इन बूथों में महिलाएं उत्पीड़न व अपनी समस्याओं की शिकायत कर सकेंगी। महिला पुलिसकर्मी त्वरित कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित माहौल देंगी। इसकी निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे। ऐसे स्थान पर यह स्थापित होंगे जहां महिलाओं का आवागमन अधिक रहता है। बूथ में महिला अपराध से जुड़े सभी मामलों का निस्तारण किया जाएगा। यहां पुलिस के लिए जरूरी सभी तरह के संचार माध्यम होंगे। साथ ही, पीड़ित महिला के लिए रेस्ट रूम, वाशरूम, शिकायत कक्ष आदि की व्यवस्था होगी।
—
क्राइम मैपिंग सिस्टम से होगा स्थान का चयन
पिंक बूथ जनपद के उन स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाओं के साथ होने वाले अपराध अधिक हैं। इसके लिए पुलिस क्राइम मैपिंग सिस्टम का सहारा लेगी। इससे चेन, पर्स व मोबाइल झपटमारी और महिला अपराध से जुड़ी अधिक घटनाओं वाले इलाके की पहचान की जा रही है। इन्हीं चयनित स्थानों पर पिंक बूथ का निर्माण होगा।
—
पिंक बूथ का मुख्य मकसद महिला सशक्तिकरण है। महिलाओं के हित के लिए बहुत से ऐसे कार्य किए जा रहे हैं। इनसे महिलाओं की समस्या का समाधान निकाला जा सकेगा। उन्हें अपनी परेशानी कहने में झिझक न हो, उनकी सुरक्षा में सफल कदम उठाया जा सके इसलिए पिंक बूथ का बनाया जाना है। इसका लाभ महिलाएं उठा सकेंगी। पिंक बूथ की स्थापना के लिए मौखिक आदेश प्राप्त हो चुके हैं। रुधौली सर्किल के लालगंज, मुंडेरवा, रुधौली व सोनहा थानाक्षेत्र में उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही है।पिंक बूथ एक हेल्प डेस्क है। इसमें सिर्फ महिला पुलिस कर्मी ही तैनात होंगी
: स्वर्णिमा सिंह, सीओ रुधौली, बस्ती