(हरिद्वार से दीपक कुमार की रिपोर्ट)
हरिद्वार (उत्तराखंड)। रविवार को अक्षय तिथि के पावन अवसर पर भूपतवाला स्थित अखंड परमधाम आश्रम में पूज्य स्वामी परमानंद गिरि महाराज का 71वां संन्यास जयंती महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।





मुख्यमंत्री ने स्वामी परमानंद गिरि महाराज को पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत निर्मित अखंड परमधाम गंगा घाट का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक प्रदीप बत्रा, योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी चिदानंद सरस्वती, साध्वी ऋतंभरा, साध्वी निरंजन ज्योति सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।
महोत्सव में विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वर भी शामिल हुए और संत समाज ने स्वामी परमानंद गिरि महाराज को दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
