बस्ती। जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मड़वा नगर टोल प्लाजा के पास स्थित एक संदिग्ध मकान में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है।


इस कार्रवाई का नेतृत्व स्वयं पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने किया। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम की सक्रियता से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग आश्चर्यचकित थे कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल क्यों मौजूद है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 14 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 9 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। सभी को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रैकेट लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि इस रैकेट के मुख्य संचालक की तलाश जारी है, जिसके लिए एक अलग टीम गठित कर दी गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी और सक्रियता से क्षेत्र में फैल रहे असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।
