•हरिद्वार के 12 नंबर घाट पर हुई यह आगजनी की घटना, गंगा से पानी लाकर बुझाई गई आग।
रिपोर्ट: दीपक कुमार, हरिद्वार
हरिद्वार(उत्तराखंड)। हरिद्वार के भूपत रानी गली के सामने स्थित 12 नंबर घाट पर गुरुवार को एक कुटिया में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह कुटिया नारायणपुरी जी महाराज की थी, जिसमें रखा उनका सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज आग की चपेट में आकर जल गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीपल के पेड़ के नीचे किसी व्यक्ति द्वारा जलाए गए पूजा के दिए से पास रखी पटिया में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते कुटिया को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। गंगा किनारे स्थित होने के कारण लोगों ने गंगा से पानी भरकर आग पर डाला, जिससे आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड के आने का इंतजार किया जाता, तो आसपास की अन्य कुटियाएं भी आग की चपेट में आ सकती थीं। समय रहते लोगों की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया।
