
बस्ती। थाना परसरामपुर, वाल्टरगंज पुलिस और स्वाट टीम बस्ती की संयुक्त कार्यवाही में ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक और फील्ड ऑफिसर के अपहरण व लूट कांड में शामिल चार और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें से दो को पहले ही पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तारी का विवरण: गिरफ्तारी शुक्रवार को सुबह करीब 3:30 बजे थाना परसरामपुर क्षेत्र के कोहरायें इलाके से की गई। पकड़े गए अभियुक्तों में शामिल हैं: अभिमन्यु सिंह, निवासी लजधटा, थाना छावनी, बस्ती; राज चौधरी, निवासी ककरहिया, थाना हरैया, बस्ती; राजकुमार यादव उर्फ निशोक यादव, निवासी लोहरौली (जीतीपुर), थाना पैकोलिया तथा मनीष तिवारी उर्फ श्याम तिवारी, निवासी रेवरादास, थाना हरैया बस्ती।
पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से लूट के संबंध में निम्न सामग्रियां बरामद की हैं। जिनमें ₹54,900 नगद, पीली धातु की चेन व काले रंग की थार कार तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UP 43 BC 2579) वाहन शामिल है।
घटना का पृष्ठभूमि इस प्रकार है कि 21 जून 2025 को ग्राम जीतीपुर स्थित ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक रवि तिवारी व सह प्रबन्धक रसिक भारती के साथ अपहरण व लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। बदमाशों ने शाम करीब 5:30 बजे उनकी कार को रोका, गनपॉइंट पर बैठाकर सुनसान श्मशान घाट ले गए, पीटा और उनसे नकदी, सोने की चेन, अंगूठियां, एटीएम कार्ड आदि लूट लिए। 22 जून की दोपहर उन्हें छोड़ा गया। पुलिस ने इस मामले में थाना परसरामपुर पर मु.अ.सं. 188/2025, धारा 309(6), 351(2), 140(2), 127(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों पर पूर्व में भी अपराध दर्ज हैं। जिनमें मनीष तिवारी पर 7 मुकदमे (बस्ती, अयोध्या के विभिन्न थानों में); राजकुमार यादव पर 6 मुकदमे (गोंडा, बस्ती में अपहरण, गैंगस्टर, आयुध एक्ट समेत) तथा अभिमन्यु सिंह पर 2 मुकदमे (गंभीर धाराओं में) दर्ज है।
बस्ती पुलिस द्वारा तत्परता व तकनीकी विवेचना के सहारे 24 घंटे के भीतर दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद अब चार और की गिरफ्तारी इस केस में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। इससे क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास और पुलिस के प्रति भरोसा और गहरा हुआ है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी में शामिल रही संयुक्त पुलिस और स्वाट टीम में थानाध्यक्ष परसरामपुर भानु प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष वाल्टरगंज उमाशंकर तिवारी, स्वाट प्रभारी उ०नि० संतोष कुमार, हे0का0 पवन तिवारी, हे0का0 रमेश कुमार, का0 किशन सिंह, का0 अभिलाष प्रताप सिंह, का0 सुभेन्द्र तिवारी स्वाट टीम; हे0का0 राघवेन्द्र दूबे, का0 आनंद यादव, का0 पंकज कुशवाहा, का0 लवकुश सिंह थाना परसरामपुर; का0 रोहित यादव, का0 विद्यासागर यादव थाना वाल्टरगंज शामिल रहे।