बस्ती। नगर में बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह ने अधिशाषी अभियंता कार्यालय पहुंचकर संवाद किया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों की संख्या में पीड़ित महिलाएं भी मौजूद रहीं।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें मिल रही हैं। नगर पंचायत को स्वतंत्र फीडर से जोड़ने में विभागीय लापरवाही के चलते देरी हो रही है, वहीं तीन वार्ड अभी तक नगर फीडर से नहीं जुड़ सके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई लाइनमैन बिना पैसे लिए खराब लाइन ठीक करने नहीं आते। विजिलेंस छापेमारी के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है, जिससे व्यापारियों में आक्रोश है। कई मोहल्लों में बांस-बल्लियों के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है, जो किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
ओम फिलिंग पेट्रोल पंप के आसपास सहित कई क्षेत्रों में कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के कारण बिजली सप्लाई बाधित रहती है। अनियमित कटौती आम हो गई है और रात में बिजली खराब होने पर अधिकारी-कर्मचारी संपर्क में नहीं आते, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है।
आंबेडकर नगर वार्ड में सड़क किनारे ट्रांसफार्मर लगे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही स्थायी अवर अभियंता की तैनाती भी अब तक नहीं हो सकी है।
करीब घंटों चली वार्ता के बाद अधिशाषी अभियंता इंजीनियर अरुण सिंह ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी समस्याओं का त्वरित व स्थायी समाधान किया जाएगा। स्मार्ट मीटरों की जांच कराई जाएगी और सभी वार्डों के लिए टीम गठित कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान सभासद राजेश पांडेय, राज कुमार चौधरी, महिला नेता मीना निषाद सहित बड़ी संख्या में लोग कार्यालय में मौजूद रहे और अपनी समस्याएं रखीं।
