
– रजवाहा पर स्थित पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य करा रहा विभाग।
– सूखे जैसे हालात में सिंचाई का पानी न मिलने से बढ़ा संकट।
बस्ती। खरीफ फसली सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। दरअसल सरयू नहर महुली रजवाहा खंड चार का पानी मेडिकल काॅलेज क्षेत्र के भंवरा गांव के पास रोक दिया गया है। नहर खंड पानी रोककर पुल चौड़ीकरण का कार्य कर रहा है।
जिससे सदर व बनकटी ब्लाॅक और संतकबीर नगर जिले के सैंकड़ों गांवों की फसलें प्रभावित हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में पर्याप्त बारिश न होने से सूखे जैसे हालात हो गए हैं। किसान धान व गन्ना की फसल बचाने की जद्दोजहद कर रहे हैं। बिजली कटौती का दर्द झेल रहे किसानों को अब बाढ़ खंड भी जख्म देने लगा है।
स्थानीय किसान पप्पू यादव, राकेश यादव, सूरज मौर्या, राजमन यादव, शिवा गौतम, संजय यादव, मनीराम यादव, राम भवन यादव, गणेश सोनी, पूजन गौड़ आदि ने बताया कि महुली रजवाहा खंड चार का पानी रोकने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी के अभाव में फसलें सूख रही हैं।
इस रजवाहा से बनगवा, भवानी पुर, खदरा, मुरादपुर, बोकनारे, गौरा उपाध्याय, बेहिल, हटवा, पिपरा, महादेवा, पगारे, पंखोबारी, बासापार, बाग़ापार, गौरी बड़गो, शोभनपार सोहिला, गौरा, अमर डोभा, लहरी सहित सैंकड़ों गांवों के किसान सिंचाई करते हैं। बेहिल निवासी गंगाराम यादव ने मामले की शिकायत अधिकारियों व मुख्यमंत्री से किया है।