यूपी। प्रयागराज में यमुना पुल पर से शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला ने अचानक पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही महिला तेज धारा में बहने लगी। इस बीच बाढ़ राहत दल के 42वीं वाहिनी पीएसी नैनी के सतर्क जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नदी में कूदकर महिला को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को नदी से बाहर निकालने में सफलता पाई। जब उसे बाहर लाया गया तो वह बेहोशी की हालत में थी। मौके पर ही जवानों ने उसे त्वरित प्राथमिक उपचार दिया, ताकि उसकी जान बचाई जा सके। इसके बाद गंभीर स्थिति देखते हुए महिला को कीडगंज स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
महिला की पहचान मेजा तहसील के लौटार गांव निवासी के रूप में हुई है। वर्तमान में उसका पता नैनी के खान चौराहा बताया जा रहा है। हालांकि, उसने पुल से छलांग क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुल से गुजर रहे लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई थी। लोग महिला को बचाने में जुटे पीएसी जवानों की तत्परता और साहस की सराहना करते नजर आए।
