•“छात्र आज के भविष्य, शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं।”
बस्ती। संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय बनकटी में विद्यालयीय वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन प्रधानाध्यापक एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विकास खण्ड बनकटी मंत्री चंद्रशेखर शर्मा के संयोजन में सम्पन्न हुआ।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीडीए एकेडमी की प्रिंसिपल श्रीमती अरुणा पाल रहीं, जबकि अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव ने की। संचालन अतुल कृष्ण राज एवं राकेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती अरुणा पाल ने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे व्यवहारिक बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चे कल के नहीं, बल्कि आज के भविष्य हैं और वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
अध्यक्षता करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव ने कहा कि समय के साथ परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसका श्रेय नीतियों, कार्यक्रमों और समर्पित शिक्षकों को जाता है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष एवं बनकटी अध्यक्ष अभय सिंह यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों में अपार प्रतिभा है, जिसे शिक्षक निखार रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सभा सद प्रतिनिधि मोहम्मद वसीम, डॉ. अनिल कुमार मौर्य, दुर्गेश राव, गिरजेश चौधरी एवं मोहम्मद इकबाल ने भी अपने विचार व्यक्त कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नाटक ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के 50 छात्रों एवं उनके अभिभावकों को माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
अंत में प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर शर्मा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में राकेश मिश्रा एवं शारदा प्रसाद चतुर्वेदी ने कविताओं के माध्यम से माहौल को जीवंत बनाया। बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र उपस्थित रहे।
