•गिरफ्तारी न होने पर संगठनों का विरोध तेज, पदयात्रा कर डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
बस्ती। सफाईकर्मी विनय कुमार वर्मा की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दोषियों की गिरफ्तारी न होने से सफाईकर्मियों एवं कर्मचारी संगठनों में भारी आक्रोश है। इसी क्रम में आज शनिवार को सफाईकर्मी अमहट घाट स्थित शिव मंदिर परिसर से पदयात्रा निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेंगे और डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे।
गौरतलब है कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यालय में आकस्मिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन की रणनीति तय की गई थी।
जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य ने बताया कि छावनी थाना क्षेत्र के अकला निवासी सफाईकर्मी विनय कुमार वर्मा हर्रैया विकास खंड के बसदेवा कुंवर गांव में तैनात थे। 12 अप्रैल को गांव के निकट उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। एसपी द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल ने इस आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया है।
बैठक में संघ के मंत्री मनसाराम चौधरी, कोषाध्यक्ष अशोक चौहान, संगठन मंत्री अमित चक्रवर्ती, लेखा संप्रेक्षक भरत कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
