
•राज्यसभा सांसद बोले- मोदी देश के सबसे बड़े सेल्समैन, बरेली हिंसा सरकार की साजिश।
प्रयागराज। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि मोदी जी बड़े सेल्समैन हैं। वह गंजे को भी कंघी बेच सकते हैं। उन्होंने देशवासियों को कभी नोटबंदी के नाम पर, तो कभी जीएसटी के नाम पर ठगा है।
जीएसटी लागू कर सरकार ने पहले जनता पर 5 से 28 प्रतिशत तक का बोझ डाला और अब अचानक दरों में कटौती कर इसे “बचत उत्सव” बताया जा रहा है। यह कोई “बचत उत्सव” नहीं बल्कि “चपत उत्सव” है। उन्होंने कहा कि आठ साल में जनता से 127 लाख करोड़ का टैक्स वसूलने के बाद दरें घटाना केवल दिखावा है। इससे जनता को कोई राहत नहीं मिलेगी।
उन्होंने योगी सरकार पर भी निशाना साधा। संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति गंभीर है, जबकि सरकार मिशन शक्ति 5.0 के नाम पर सिर्फ कागज़ों में अभियान चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार जिम्मेदारी से बच रही है।
संजय सिंह ने बरेली में पूर्व हॉकी कप्तान और पद्मश्री सम्मानित खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद के घर पर बुलडोजर कार्रवाई को भी निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सांप्रदायिक माहौल को खराब करने की सोची-समझी साजिश है। पहले “आई लव मोहम्मद” और “आई लव महादेव” के नाम पर विवाद खड़ा किया गया और अब बुलडोजर एक्शन से समाज को बांटने की कोशिश हो रही है।प्रदेश की बेरोजगारी पर हमला बोलते हुए उन्होंने
कहा कि यूपी अब बेरोजगारों की मंडी बन गया है। हर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मनरेगा मजदूर और किसान सब परेशान हैं।संजय सिंह ने ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी 31 अक्टूबर से 15 नवंबर तक “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकालेगी। यह यात्रा प्रयागराज से अयोध्या तक होगी और दोनों जगहों पर विशाल रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने बेरोजगार युवाओं और आम जनता से इसमें शामिल होने की अपील की।