•1.33 लाख बच्चों को लगेगा डिप्थीरिया से बचाव का टीका।
•स्कूलों व मदरसों में चलाया जाएगा अभियान, अभिभावकों से बच्चों को अनिवार्य रूप से टीका लगवाने की अपील।
महराजगंज। जनपद में गंभीर संक्रामक बीमारी डिप्थीरिया (गलघोंटू) की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष स्कूल-आधारित टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान शिक्षा, अल्पसंख्यक, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के समन्वय से संचालित होगा।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों एवं मदरसों में जाकर बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के तहत 5–6 वर्ष के 30,341 बच्चों को DPT-2 बूस्टर, 10–11 वर्ष के 66,755 बच्चों को Td-10 तथा 16 वर्ष के 36,044 बच्चों को Td-16 टीका लगाया जाएगा। इस प्रकार कुल 1,33,140 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद, ब्लॉक एवं विद्यालय स्तर पर माइक्रोप्लान तैयार कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डिप्थीरिया एक बैक्टीरियल संक्रमण है, जो नाक और गले को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, जुकाम, गले में सूजन और कमजोरी शामिल हैं। समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने बच्चों को विद्यालय या नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर भेजकर टीकाकरण अवश्य कराएं। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है तथा किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी।
अभियान की निगरानी ई-विन एवं यू-विन पोर्टल सहित अन्य माध्यमों से की जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
