महराजगंज। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में सहभागिता के लिए जनपद से 10 तीर्थयात्रियों का दल शनिवार को गुजरात के लिए रवाना हुआ। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया एवं अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को विदा किया और शुभकामनाएं दीं।
विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम सोमनाथ का विशेष महत्व है और मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी यात्रियों के सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन का पालन करने की सलाह दी और शुभ यात्रा की कामना की।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि संस्कृति विभाग एवं गुजरात सरकार द्वारा सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के 1000 वर्ष तथा पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किया जा रहा है। यात्रियों के आवागमन, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद से कुल 20 तीर्थयात्री लखनऊ जाएंगे, जहां 19 अप्रैल को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सभी यात्री ट्रेन से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे।
महराजगंज से रवाना हुए 10 सदस्यीय दल में छोटेलाल गुप्ता, जगदीश त्रिपाठी, वीरेन्द्र चौहान, श्यामदेव साहनी, ओम प्रकाश पांडेय, मोलई प्रसाद, मनमोहन गुप्ता, परमीला, अविनाश कुमार एवं सुरेन्द्र विश्वकर्मा शामिल हैं। लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता नवीन सहगल नोडल अधिकारी के रूप में दल के साथ गए हैं, जो पूरी यात्रा के दौरान समन्वय बनाए रखेंगे।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ नगरपालिका आलोक कुमार, सूचना विभाग के विजय चौरसिया एवं भरत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
