लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिन भगवान श्रीराम ने अधर्म, असत्य एवं बुराई के प्रतीक रावण का वध किया था। सम्पूर्ण भारतवर्ष में यह पर्व परम्परागत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
योगी आदित्यनाथ ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को मर्यादा, सत्य, न्याय, शांति, परोपकार और लोककल्याण का पर्याय बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन नैतिक, मानवीय और सामाजिक मूल्यों का प्रतीक है, जो हमें सद्मार्ग पर चलने और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी शक्ति उपासना का उत्सव है। पर्व की मर्यादा और पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और यही हमारा धर्म भी है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि विजयादशमी पूरे प्रदेश के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
