•वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई चारधाम यात्रा, श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत।
रुद्रप्रयाग/देहरादून। उत्तराखंड स्थित श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह ठीक 8 बजे पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
इस दौरान भारतीय सेना की सिख रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों के बीच बाबा केदार का भव्य द्वार खुला और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। देश-विदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस दिव्य क्षण के साक्षी बनकर बाबा केदार के दर्शन किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट खुलने के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले सभी यात्रियों की यात्रा बाबा केदार की कृपा से मंगलमय और सुखद हो।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ और चारधाम यात्रा आस्था, तप, त्याग और सनातन परंपरा का प्रतीक है, जो भारत की आत्मा में सदियों से प्रवाहित है।
इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी डोली धाम पहुंच चुकी थी, जहां श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी, आईटीबीपी, एटीएस और बीडीएस की टीमें तैनात की गई हैं।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धाम की धार्मिक मर्यादा और पवित्रता बनाए रखें। प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा विधिवत शुरू हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और आस्था का माहौल है।
