•विवाह के बाद घर से निकाले जाने का आरोप, कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
बस्ती। गौर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म, गर्भपात कराने और बाद में विवाह कर घर से निकाल देने के मामले में पीड़िता और उसके पिता ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि अइलाकला गांव निवासी एक युवक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। बाद में पुलिस के दबाव में मंदिर में विवाह कराया गया, लेकिन विवाह के बाद आरोपी युवक, उसके पिता, भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया।
पीड़िता का कहना है कि इस मामले में स्थानीय गौर थाने पर सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे वह और उसका परिवार भय और असुरक्षा में जीवन यापन कर रहे हैं।
निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष संदीप निषाद ने कहा कि पीड़िता की स्थिति बेहद गंभीर है और यदि स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला तो मामला उच्चाधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
पीड़िता और उसके परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
