
बस्ती। पुरानी बस्ती क्षेत्र स्थित सुर्ती हट्टा गुफा में इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण श्रीराम मंदिर की तर्ज पर किया गया है। बृहस्पतिवार को इस भव्य पंडाल का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय नेता, पूर्व सांसद एवं असम प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र तथा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।




उद्घाटन अवसर पर पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण जय माता दी के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। उद्घाटन अवसर पर गुफा कमेटी के सक्रिय सदस्यों ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कमेटी के अध्यक्ष संजय मद्धेशिया एवं उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला (कल्लू बाबा) ने विशेष रूप से अतिथियों को माल्यार्पण और अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, संरक्षक सूर्यकुमार शुक्ला, सतीश सोनकर, तारक नाथ जायसवाल, चुनमुन लाल, विवेक गिरोता, अशोक अग्रवाल, संजय गाड़िया, गोपाल मद्धेशिया, महेंद्र मद्धेशिया, रवि मद्धेशिया, मोनू मद्धेशिया, रजत मद्धेशिया, अभिषेक गुप्ता, अनीश गुप्ता, अमन अग्रहरि, आशीष गुप्ता, पंकज गुप्ता, मनीष मद्धेशिया, संजय जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष का पंडाल अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर की शैली पर आधारित है, जिसे देखने दूर-दराज से भक्त आ रहे हैं। पंडाल का प्रवेश द्वार नई बाजार से सुर्ती हट्टा के मुहाने पर बनाया गया है, जबकि भक्तों की सहज निकासी हेतु काली मंदिर तिराहे पर निकासी द्वार का निर्माण किया गया है। पूरी व्यवस्था इस प्रकार की गई है कि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के दर्शन कर सकें।
भक्तों को आकर्षित करने के लिए पंडाल में सुंदर विद्युत सज्जा और प्रकाश व्यवस्था की गई है। रात में झिलमिलाती रोशनी से पूरा पंडाल अद्भुत आभा बिखेरता है। आयोजन समिति ने बताया कि दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित भाजपा नेताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करते हैं बल्कि सामाजिक एकता और संगठन को भी मजबूत करते हैं। पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने गुफा कमेटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की भव्य सांस्कृतिक परंपराएं बस्ती की गौरवशाली धरोहर हैं।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने भी आयोजन समिति की प्रशंसा की और इसे जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चे, महिलाएं और वृद्धजन सभी ने इस अद्भुत पंडाल की भव्यता का आनंद लिया। पूरा क्षेत्र धार्मिक रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया। आगामी दिनों में यहाँ और भी अधिक संख्या में भक्तों के जुटने की संभावना है।
इस अवसर पर गुफा कमेटी ने भक्तों से अपील की कि वे शांति और व्यवस्था बनाए रखते हुए दर्शन करें और इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें।