हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार(उत्तराखंड) । ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में गंगानगर किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उधर के डेढ़ लाख लौटने से बचने के लिए दोस्त ने ही स्मैक और एविल का हैवी डोज इंजेक्शन देकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने आर्य गिरी निवासी दुर्गा घाट शमशान घाट रोड खडखडी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार रायवाला क्षेत्र के हरिपुर कला शांति मार्ग निवासी वैशाली देवी पत्नी दीपक भदौरिया ने 27 दिसंबर को शिकायत दी थी। बताया था कि उसका 25 वर्षीय पुत्र सहजल उर्फ साहिल भदौरिया 24 दिसंबर को अपने दोस्त के साथ लालपुल ज्वालापुर आया था। इसके बाद से वह लापता हो गया। गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की गई। 30 दिसंबर को सहजल का शव ज्वालापुर लालपुल के पास झाड़ियां में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए 2 दिन तक ज्वालापुर कोतवाली में हंगामा किया। तब जाकर गुमशुदगी को हत्या में तरमीम कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया की हत्या सहजल के दोस्त आर्य गिरी ने की थी। मुखबिर की सूचना पर 2 जनवरी को आरोपी आर्य गिरी को पुराने रानीपुर मोड़ रेलवे अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पूछताछ मे आरोपी ने बताया कि वह और सहजल दोस्त थे और दोनों कपड़ों के कारोबार में साझेदारी कर चुके थे। इसी दौरान वह सहजल से डेढ़ लाख रूपए उधार ले चुका था। दोनों नशे के आदि हो गए थे और अक्सर साथ में स्मैक और एविल का इंजेक्शन लगाते थे। रुपए लौटाने से बचने के लिए उसने स्मैक और एविल मिलाकर जानलेवा डोज तैयार की । पहले खुद थोड़ी मात्रा में ली और फिर पूरी डोज सहजल को लगा दी। उसे पता था कि इतनी अधिक मात्रा से उसकी मौत हो जायेगी।सहजल के बेहोश होकर गिरने के बाद उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से नशे में प्रयुक्त एविल का खाली इंजेक्शन, दो इस्तेमाल की हुई सीरिंज और प्लास्टिक रैपर बरामद किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
