सोमनाथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे के दूसरे दिन सोमनाथ पहुंचे, जहां उन्होंने शौर्य यात्रा में भाग लिया। यह शोभायात्रा सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर योद्धाओं की स्मृति में निकाली गई थी। यात्रा में 108 घोड़ों के साथ एक प्रतीकात्मक जुलूस शामिल रहा, जिसे शौर्य, साहस और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। शोर्य यात्रा में पीएम एक अलग अंदाज में नजर आए। जिसमें उनके दोनों हाथों में डमरू थे और इस दौरान वहां पर भारी संख्या में शिव भक्तों की भीड़ थी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री यहां आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान वह सोमनाथ मंदिर पर हुए विदेशी आक्रमणों, उनके विरुद्ध संघर्ष करने वाले वीरों के बलिदान और सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा मंदिर के पुनर्निर्माण की नींव रखे जाने जैसे ऐतिहासिक पहलुओं का उल्लेख किया।
स्वाभिमान पर्व के समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी राजकोट रवाना होंगे। वह दोपहर में मारवाड़ी विश्वविद्यालय, राजकोट में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के तहत ट्रेड शो और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस का औपचारिक शुभारंभ भी करेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के 14 ग्रीनफील्ड स्मार्ट एस्टेट के विकास की घोषणा करेंगे और राजकोट में जीआईडीसी के मेडिकल डिवाइस पार्क का उद्घाटन भी करेंगे। शाम को वह अहमदाबाद में महात्मा मंदिर मेट्रो स्टेशन पर अहमदाबाद मेट्रो फेज-2 के शेष हिस्से का उद्घाटन करेंगे, जो सेक्टर-10ए से महात्मा मंदिर तक फैला है।
