-रटने की बजाय समझ पर दें ध्यान, न्यूमेरिकल्स और मॉडल पेपर से मिलेगी सफलता।
बस्ती। बोर्ड परीक्षा नजदीक आते ही भौतिक विज्ञान विषय को लेकर छात्रों की चिंता बढ़ जाती है। इसी चिंता को दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर अंक दिलाने के उद्देश्य से श्री देशराज नारंग दयानंद इंटर कॉलेज, वाल्टरगंज के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता ओकांश कुमार सिंह ने छात्रों के लिए उपयोगी सुझाव दिए हैं।

उन्होंने बताया कि भौतिक विज्ञान में केवल रटने से अच्छे अंक नहीं आते, बल्कि सही रणनीति और समझ के साथ पढ़ाई करने की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि प्रकाशिकी और स्थिर विद्युत जैसे अध्यायों से अधिक अंक वाले प्रश्न पूछे जाते हैं, इसलिए इन अध्यायों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
प्रवक्ता ने बताया कि आधुनिक भौतिकी का हिस्सा समझने में आसान होता है और यह काफी नंबर भी मिलते है। इससे कम समय में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को उत्तर पुस्तिका में साफ और सही चित्र बनाने की सलाह दी। विशेष रूप से किरण आरेख, जैसे सूक्ष्मदर्शी और दूरदर्शी तथा विद्युत परिपथ का अभ्यास जरूर करें। साफ चित्र बनाने से परीक्षक पर अच्छा प्रभाव पड़ता है और पूरे अंक मिलने की संभावना रहती है।
उन्होंने यह भी बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में गाउस का प्रमेय, हाइगेन्स का सिद्धांत और लेंस मेकर सूत्र जैसे डेरिवेशन अक्सर पूछे जाते हैं। छात्रों को इन्हें याद करने के बजाय इनके पीछे का तर्क समझना चाहिए और लिखकर अभ्यास करना चाहिए।
न्यूमेरिकल्स से न घबराएं-
ओकांश कुमार सिंह ने कहा कि कई छात्र गणितीय प्रश्नों से डरकर उन्हें छोड़ देते हैं, जबकि न्यूमेरिकल्स में पूरे अंक मिलते हैं। प्रश्न में दी गई सभी वैल्यू पहले लिखें, सही सूत्र का प्रयोग करें और उत्तर के साथ सही मात्रक जैसे एम्पियर या जूल जरूर लिखें।
मॉडल पेपर से करें अभ्यास
उन्होंने सलाह दी कि छात्र पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्र और मॉडल पेपर तीन घंटे 15 मिनट की समय सीमा में हल करने का अभ्यास करें। इससे परीक्षा में समय प्रबंधन बेहतर होगा। उत्तर लिखते समय मुख्य शब्दों और सूत्रों को रेखांकित या बॉक्स में बंद करें। साफ-सुथरी लिखावट और शब्दों के बीच उचित दूरी रखने से उत्तर पुस्तिका आकर्षक बनती है और अच्छे अंक मिलने में मदद मिलती है।
