सुल्तानपुर। जनपद के थाना गोसाईगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने खेतों से पेड़ काटकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की लकड़ी बरामद की गई है, साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। 7 अप्रैल 2026 को रविशंकर शुक्ला ने अपने खेत से 24 यूकेलिप्टस (सफेदा) के पेड़ चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में गोसाईगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और मुखबिर की सूचना पर 20 अप्रैल को घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने शुभम यादव (22), करन (18), रोशनलाल (19) और आदित्य पटेल (18) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी अयोध्या जनपद के बीकापुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
आरोपियों के पास से सफेदा (यूकेलिप्टस) के कुल 43 बोटे बरामद किए गए हैं, जिनमें 25 बोटे 4 फीट के और 18 बोटे 3 फीट के हैं।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, उपनिरीक्षक कैलाश सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
