•लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों फरियादियों से सीधे संवाद, हर शिकायत के समयबद्ध निस्तारण पर जोर।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने औपचारिकताओं को दरकिनार करते हुए स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी शिकायतें सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, चिकित्सा सहायता, आवास, बिजली और अन्य समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर शिकायत के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बांदा, वाराणसी, कानपुर देहात, कासगंज, बदायूं, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, सीतापुर और महोबा सहित कई जिलों के मामलों पर तुरंत संज्ञान लिया गया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से दूरभाष पर बात कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही चिकित्सा सहायता, आवास और अंत्योदय से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र राहत पहुंचाने को कहा।
कार्यक्रम के अंत में उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सभी शिकायतों का पारदर्शी, समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
