गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने मंगलवार को महाप्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित समारोह में कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित कर्मचारियों में लखनऊ मंडल के लोको पायलट श्री राघवेन्द्र सिंह एवं सहायक लोको पायलट श्री विक्रम सिंह शामिल हैं। 20 अक्टूबर 2025 को गाड़ी संख्या 12557 पर कार्य के दौरान बुढ़वल–बिन्दौरा खंड में किमी संख्या 728/03-05 के पास क्रॉसओवर क्षेत्र में जर्क महसूस होने पर उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर बिन्दौरा को सूचना दी। समय पर सूचना मिलने से इंजीनियरिंग विभाग द्वारा जांच कर इस खंड पर 50 किमी प्रति घंटा का सतर्कता आदेश लागू किया गया, जिससे एक संभावित दुर्घटना टल गई।
वाराणसी मंडल के तरयासुजान स्टेशन पर ट्रैक मेंटेनर के पद पर कार्यरत श्री विपिन पाल को भी सम्मानित किया गया। 5 अक्टूबर 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान उन्होंने किमी संख्या 57/0 से 61/0 के बीच अत्यधिक बारिश के कारण ट्रैक बैंक कटने की स्थिति देखी। उन्होंने तत्काल ट्रैक की सुरक्षा करते हुए ट्रेन को रोका, संबंधित अधिकारियों को सूचना दी तथा ट्रेन को संरक्षित ढंग से पास कराया। उनकी सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी स्टेशन पर गाड़ी प्रबंधक/माल के पद पर कार्यरत श्री रामवीर ने 11 अक्टूबर 2025 को मालगाड़ी पर कार्य के दौरान बनियाना स्टेशन पर खड़ी अपनी गाड़ी से गाड़ी संख्या 15061 को ऑल राइट सिग्नल दिखाते समय एसएलआर/गार्ड ब्रेकयान से तीसरी बोगी के पहिये से चिंगारी निकलते देखी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल को दी। जांच में ब्रेक बीम टूटे होने की पुष्टि हुई, जिसे समय रहते ठीक कर गाड़ी का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया।
महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने कर्मचारियों की सूझबूझ, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास रेलवे संरक्षा को और सुदृढ़ बनाते हैं तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
