गोरखपुर। भारतीय रेल द्वारा देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन के लिए थीम आधारित भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है। इसी क्रम में भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा 5 से 14 फरवरी 2026 तक 9 रात और 10 दिन की विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
यह भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन से संचालित होगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालु गया, पुरी जगन्नाथ धाम, कोणार्क मंदिर, कोलकाता, गंगासागर, बैद्यनाथ धाम (जसीडीह), वाराणसी और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। यात्रा के दौरान विष्णुपद मंदिर (गया), श्री जगन्नाथ मंदिर (पुरी), कोणार्क सूर्य मंदिर, गंगासागर, बैद्यनाथ धाम, काशी विश्वनाथ मंदिर, अयोध्या में राम मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू आरती के दर्शन कराए जाएंगे।
इस विशेष ट्रेन में कुल 767 बर्थ उपलब्ध हैं। इनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी की 49 सीटें, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी की 70 सीटें तथा शयनयान श्रेणी की 648 सीटें शामिल हैं। यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए आगरा कैंट, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी स्टेशन निर्धारित किए गए हैं।
आईआरसीटीसी द्वारा यात्रियों को विभिन्न श्रेणियों में यात्रा पैकेज की सुविधा प्रदान की जा रही है। इकोनॉमी श्रेणी (शयनयान) का पैकेज मूल्य 19,110 रुपये प्रति व्यक्ति तथा 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए 17,950 रुपये निर्धारित है। स्टैंडर्ड श्रेणी (वातानुकूलित तृतीय श्रेणी) का पैकेज मूल्य 31,720 रुपये प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 30,360 रुपये है। वहीं कम्फर्ट श्रेणी (वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी) का पैकेज मूल्य 41,980 रुपये प्रति व्यक्ति तथा बच्चों के लिए 40,350 रुपये रखा गया है।
इस पैकेज में रेल यात्रा के साथ नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का शाकाहारी भोजन, तथा वातानुकूलित एवं गैर-वातानुकूलित बसों द्वारा स्थानीय भ्रमण की सुविधा शामिल है। यात्रियों को एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। ईएमआई सुविधा आईआरसीटीसी पोर्टल पर सूचीबद्ध सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।
यात्रा की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय अथवा आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए 9236391908, 8287930908, 9305111763, 8595924294, 8595924299, 8287930926 एवं 8595924293 मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
