गोरखपुर/नई दिल्ली। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के मुख्य माल परिवहन प्रबंधक (सीएफटीएम) श्री कृष्ण शुक्ल को उनके उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्यों के लिए अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 09 जनवरी 2026 को यशोभूमि, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रदान किया गया।
श्री कृष्ण शुक्ल मूल रूप से ग्राम सेवरा, लाला छावनी, जनपद बस्ती के निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने अशोक इंटर कॉलेज, छावनी से हाईस्कूल तथा पीपीआईसी वलीपुर, सुल्तानपुर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी और एमएससी (रसायन विज्ञान) में प्रथम श्रेणी से सफलता प्राप्त की। एमएससी में वे स्वर्ण पदक विजेता भी रहे।
रेलवे में उत्कृष्ट सेवाओं का लंबा अनुभव
श्री शुक्ल ने रेलवे में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। वे मंडल यातायात प्रबंधक, टुंडला, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी (एसआर डीएसओ), आगरा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (एसआर डीओएम), झांसी तथा प्रयागराज जैसे अहम पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और प्रबंधन विशेषज्ञता
उन्होंने चीन से हाई-स्पीड रेल का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके अलावा सिंगापुर और कोरिया से लीडर्स इन अर्बन ट्रांसपोर्ट (LUTP) का विशेष प्रशिक्षण लिया। प्रबंधन क्षेत्र में दक्षता बढ़ाने के लिए उन्होंने आईआईएम बैंगलोर से मैनेजमेंट में मास्टर्स भी किया है।
खेल और सम्मान
श्री शुक्ल एक अच्छे तैराक, धावक और बैडमिंटन खिलाड़ी भी हैं। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पहले जीएम अवार्ड–2013, विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2024 से सम्मानित किया जा चुका है। अब उन्हें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 प्राप्त हुआ है।
पुरस्कार समारोह के दौरान रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने महाकुंभ–2025 में श्री शुक्ल के अद्वितीय योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उनके इस सम्मान से न केवल पूर्वोत्तर रेलवे, बल्कि उनके गृह जनपद बस्ती में भी हर्ष का माहौल है।
