बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया गया।






अभियान के तहत थाना कप्तानगंज की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम कोइलपुरा में चौपाल लगाकर महिलाओं को पंपलेट वितरित किए। इस दौरान महिला अपराधों की जानकारी दी गई तथा विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में अवगत कराते हुए महिलाओं से बिना भय के अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की गई।
इसी क्रम में थाना लालगंज की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम गौरी में चौपाल का आयोजन कर महिलाओं को महिला अपराधों, सहायता सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी तथा जागरूक किया।
महिला थाना की मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला अस्पताल, कटेश्वर पार्क, मालवीय तिराहा सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं व बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और किसी भी प्रकार के अपराध की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं थाना रूधौली की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम कपियांकला में चौपाल लगाकर पंपलेट वितरण के माध्यम से महिलाओं को महिला अपराध, सुरक्षा उपायों और सहायता नंबरों की जानकारी दी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।
