सुलतानपुर। जनपद में थाना बल्दीराय क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुर में रविवार सुबह जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के आधा दर्जन लोगों ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए।
घटना ग्राम दुर्गापुर निवासी दयानंद पुत्र रामखेलावन से जुड़ी है। पीड़ित ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि पुश्तैनी जमीन है, जिस पर उसका कब्जा है। इसके बावजूद दूसरे पक्ष के जियालाल ने बाहरी लोगों को बुलाकर जबरन विरोध करने पर धारदार हथियार लेकर हमला कर बैठे।
आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर दयानंद की पुत्री शकुंतला, पुत्र शिवकुमार तथा बहू सरिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित दयानंद ने थाना बल्दीराय में तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष बल्दीराय नारद मुनि सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है।
