•रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश।
रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचकर ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर यात्रा मार्ग का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान जवाड़ी बाईपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की स्थिति तथा बांसवाड़ा और कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने सड़क सुधार, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखने और मानवीय व धार्मिक पहलुओं का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड पर यात्री शेड, भूस्खलन क्षेत्रों के पास पुलिस चौकियों में दवाइयां, पेयजल और फूड पैकेट उपलब्ध रखने को कहा, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने केदारनाथ यात्रा को “ग्रीन यात्रा” के रूप में संचालित करने और इसे पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा देते हुए स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़ने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की बात कही, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ सकें। इसके अलावा पैदल मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जिसके लिए राज्य सरकार व्यापक तैयारियों में जुटी है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
