सुल्तानपुर। जनपद के जयसिंहपुर कोतवाली परिसर में रविवार को आगामी शिवरात्रि, रमजान और होली त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पीस कमेटी की बैठक हुई।
उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने संभ्रांतजनों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।
उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह ने सभी उपस्थित लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए आपसी सहयोग की अपील की। उन्होंने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों के बारे में जानकारी ली।
क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण चतुर्वेदी ने होलिका दहन, रमजान और होली के मद्देनजर सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। क्षेत्राधिकारी ने कोतवाली प्रभारी को त्योहारों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखने और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने को भी कहा।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा ने संभ्रांतजनों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की।
उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान अशांति फैलाने या आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस बैठक में भाजपा नेता रत्नेश तिवारी, प्रधान सुरेंद्र वर्मा, व्यापार मंडल के पदाधिकारी विनोद मोदनवाल, अरविंद गुप्ता, मो. शमीम अहमद सहित सैकड़ों संभ्रांतजन मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिले की पुलिस अधीक्षक चारू निगम भी अचानक कोतवाली परिसर पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों से संक्षिप्त वार्ता कर आगे बढ़ गईं।
