•जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट व सभी तहसीलों में होगा आयोजन, सुलह-समझौते से मामलों के निपटारे पर जोर।
बस्ती। जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 09 मई 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट मुख्यालय एवं सभी तहसील मुख्यालयों पर आयोजित होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राज बाबू ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक वादों का त्वरित एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामले, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम वाद, पारिवारिक वाद, भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रकरण, विद्युत एवं जलकर विवाद, सेवा संबंधी वेतन व सेवानिवृत्ति लाभ विवाद, राजस्व वाद सहित अन्य सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
सचिव ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने वाद लोक अदालत में प्रस्तुत कर सुलह-समझौते के माध्यम से शीघ्र निस्तारण का लाभ उठाए।
