•वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, फिल्टर चेम्बर निर्माण व गौशालाओं की व्यवस्था पर विशेष जोर
बस्ती। मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति, पशु विभाग एवं जिला पोषण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक को संबोधित करते हुए सीडीओ ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ब्लॉक की एक-एक ग्राम पंचायत में वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापना हेतु ग्राम पंचायतों का चयन एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि फीकल स्लज प्रबंधन के तहत प्रत्येक तहसील में एक एफएसटीपी (FSTP) का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए भूमि चयन की प्रक्रिया एक माह में पूरी की जाए।
उन्होंने “स्वच्छता से समृद्धि” अभियान के अंतर्गत चयनित 150 ग्राम पंचायतों में अब तक ₹86,223 की आय सृजन की जानकारी दी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं निगरानी करते हुए सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, कचरा संग्रहण एवं वाहनों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करें।
खराब प्रगति पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान फिल्टर चेम्बर निर्माण में खराब प्रगति पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की। विकास खंड विक्रमजोत (31% अनारंभ), कुदरहा (20%) और बस्ती सदर (17%) में धीमी प्रगति पर एक सप्ताह के भीतर सुधार के निर्देश दिए गए।
गौशालाओं में बेहतर व्यवस्था के निर्देश
पशु विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सीवीओ को निर्देश दिया कि गर्मी से बचाव के लिए सभी गौशालाओं में पर्दे लगाए जाएं तथा पशुओं को ठंडा पानी, भूसा और हरा चारा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और केयरटेकरों के मानदेय का समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
पोषण योजनाओं की गहन समीक्षा
पोषण समिति की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने सभी सीडीपीओ को बिलों का समय पर भुगतान करने और डेटा रिपोर्टिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण ट्रैकर, विशेष विधि मापन अभियान, अन्नपूरक आहार, पोषण पखवाड़ा, प्रधानमंत्री वंदन योजना एवं भवन निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
स्वच्छता लक्ष्य व सम्मान योजना
जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 15,960 स्वच्छ शौचालय निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 स्वच्छता साथियों को सम्मानित किया गया है तथा अगला सम्मान समारोह अगले माह आयोजित किया जाएगा।
बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में डीएफओ डॉ. शिरिन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, पीडी राजेश कुमार, बीएसए अनूप तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, एडीआईओएस उदय वर्मा, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता सहित सभी खंड विकास अधिकारी, सीडीपीओ व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
