– अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशासन व सहकारिता के बीच हुआ मैच।
– भूमि संरक्षण अधिकारी राजमंगल वर्मा तीन छक्के व चार चौके लगाकर बने मैन ऑफ द मैच।
बस्ती। जिला मुख्यालय स्थित अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को प्रशासन व सहकारिता विभाग में एक दिवसीय क्रिकेट मैच खेला गया। 12-12 ओवर के मैच में प्रशासन की टीम ने महज आठ ओवर में ही मैच जीत लिया।
प्रशासनिक एलेवेन की टीम के कप्तान सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने टाॅस जीत कर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। सहकारिता एलेवेन टीम के कप्तान उप निबंधक सहकारिता आशीष श्रीवास्तव और उप कप्तान पीसीएफ के जिला प्रबंधक कैलाश कुशवाहा ने अपनी टीम से बल्लेबाजी करवाई और 12 ओवर में 128 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में उतरी प्रशासनिक टीम ने सिर्फ आठ ओवर और एक बाल में 129 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
प्रशासनिक टीम के भूमि संरक्षण अधिकारी राजमंगल वर्मा ने तीन छक्के और चार चौके लगाकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीत लिया।
प्रशासनिक टीम में सीडीओ व भूमि संरक्षण अधिकारी के अलावा सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, जिला कृषि अधिकारी बाबू राम मौर्या, बीएसए अनूप कुमार तिवारी, जिला उद्योग प्रबंधक हरेंद्र प्रताप सिंह व डीएम के पीए सुनील शाक्य समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
दूसरी तरफ सहकारिता विभाग की टीम में एआर व पीसीएफ के जिला प्रबंधक के अतिरिक्त सचिव दिनेश कुमार उपाध्याय, हेमंत सिंह, सुरेंद्र वर्मा, कुलदीप शुक्ला, सीपी चौधरी व प्रवीन मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों ने सहभागिता निभाई।
